मेरी आवाज मे आपका स्वागत है |दीजिए मेरी आवाज को अपनी आवाज |

Website templates

28 अग॰ 2022

नाच नचावे मुरली

क्या-क्या नाच नचावे मुरली,
जहां कहीं बज जावे मुरली। 
मीठी तान सुनावे मुरली,
हर मन को हर्षावे मुरली ,
जिसने भी सुनली ये तान,
नहीं रहे उसमें अभिमान। 
मुरली तेरी का नाम निराला,
ये तो है अमृत का प्याला। 
मुरली की धुन सुनके धेनु 
दौड़ी -दौड़ी आती थी। 
काम-काज सब छोड़ गोपियाँ ,
धुन में मग्न हो जाती थी। 
ब्रह्मा, विष्णु और शिवा 
जिस धुन के लिए तरसते थे 
उस मुरली के स्वर ब्रज के 
ग्वालों की खातिर बजते थे। 
तान सुनी जब मीरा ने तो, 
राजरानी पद छोड़ दिया , 
और रसखान ने सुन के मुरली,
जाति -बंधन तोड़ दिया। 
सूरदास मुरली की धुन सुन। 
बिन देखे लीला गाते। 
और मुरली की धुन पर ग्वाले ,
ब्रह्म लोक तक जा आते। 
उस मुरली की धुन पर ही तो 
नाग नथे जाते हैं 
और  मुरली के बल पर ही तो ,
पर्वत उठ जाते हैं। 
किसको कैसे नचा रही ,
देखो उस मुरली की लीला ,
एक बार महिमा गा दी तो ,
मजहब लगाने लगा ढीला। 
बिन उसकी धुन को पहचाने ,
लगे नाचने और नचाने। 
अभी तो बस महिमा गाई,
सोचो कृष्णा ने जो बजाई। 
फिर कहाँ-कहाँ पर नाचोगे,
किस-किसका अंदर जाँचोगे। 
जिस मन में बसे मुरलीवाला,
वो मुरली धुन का मतवाला।
जाने किस-किसको नचाता है ,
जब कृष्णा मुरली बजाता है।  

8 अग॰ 2022

उस छत पर ध्वज...

 उस छत पर ध्वज...

आज़ादी दिवस आ रहा है , बाज़ार में चहुँ और तिरंगा लहरा रहा है। आज़ादी का जश्न , हर भारतीय प्रसन्न। सुना है , हर घर में , तिरंगा फहराया जाएगा। भारत माता के प्रति , अहसान जताया जाएगा। बड़े साहब का आदेश है , ये दिन कुछ विशेष है। झंडा खरीदकर लाओ , अपनी छत पर फहराओ , देश के प्रति अपने , प्रेम-भाव को दर्शाओ। क्यों भूल जाते हैं साहब , जिनकी छत ही नहीं , वो झंडा कहाँ फहराएंगे ? खाने के लाले पड़े हैं , कहाँ से खरीदकर लाएंगे ? तीन दिन बाद तिरंगे को , किस काम में लाया जाएगा ? सोच के भी डर लगता है , जब अपने तिरंगे प्यारे को , गलियों में पाया जाएगा। हमें देश जान से प्यारा है, ध्वज अपना सबसे न्यारा है। हर छत पर उसे लगाने से , क्या भूखा पेट भर जाएगा ? भारत की पावन भूमि से , क्या भ्रष्टाचार मिट जाएगा ? गर ऐसा है साहब, तो मैं सौ - सौ ध्वज फहराऊंगी। अपनी नहीं , पड़ोसी की भी, छत पर इसे लगाऊंगी। जब थाल बजाने बोला था , मैंने भी थाल बजाया था। जब दीप जलाने बोला था , मैंने भी दीप जलाया था। अब भी मैं ध्वज फहराऊंगी, आज़ादी के दिवस की मैं भी , जी भर खुशी मनाऊंगी। पर चाहती हूँ ,भारत के हर घर में झंडा खुशियां लाए। और वोट माँगने वाला नेता , झुग्गी झोंपड़ तक जाए। रोटी ,कपड़ा और मकान के , वादे पूरे कर आए। शिक्षा और स्वस्थ जीवन , उनकी झोली में भर आए। भीख माँगते बच्चों की , आँखों में सपने भर आए। बिन लालच , उस चौखट पर , नंगे पैरों चलकर जाए। जिस घर में खुशहाली देखे , ध्वज उस छत पर फहरा आए। जय हिन्द